देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरा, हिमालय की गोद में स्थित विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गढ़कुमो रक्षक ट्रस्ट उत्तराखंड से जुड़े सदस्यों ने सफाई अभियान चलाया। इस पहल का उद्देश्य बाबा केदारनाथ के पवित्र धाम और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखना तथा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा।
इस सफाई अभियान में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष श्री विपिन पंचपुरी जी एवं श्री सुमित सिंह रावत जी की प्रमुख भूमिका रही। उनके साथ अजय सिंह नेगी, पंकज कुमार, कुलदीप, संजीव, नीरज सिंह, लक्ष्मण चौहान जी सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्यों तथा श्रद्धालुओं ने भी सहयोग प्रदान किया।
अभियान में शामिल सदस्यों ने लोगों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान प्लास्टिक की बोतलें, खाद्य पदार्थों के पैकेट, पॉलिथीन और अन्य कचरा खुले स्थानों पर न फेंकें। कचरे को निर्धारित स्थानों पर ही डालें तथा हिमालयी पर्यावरण को सुरक्षित रखने में अपना योगदान दें।
ट्रस्ट का संदेश स्पष्ट है कि देवभूमि की रक्षा केवल शब्दों से नहीं, बल्कि धरातल पर किए गए कार्यों से होती है। "स्वच्छ केदारनाथ, स्वच्छ हिमालय और सुरक्षित उत्तराखंड" हम सभी का संकल्प है।